
रायपुर। छत्तीसगढ़ी सिनेमा में सबको दुलार और फटकार से डांस करवाने वाले निशांत उपाध्याय का निधन हो गया है। उनके निधन से पूरे छालीवुड में शोक की लहर है। कोरियोग्राफर निशांत ने 42 साल की उम्र में कल देर रात अपनी अंतिम सांसे ली।
जानकारी के मुताबिक वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थे। एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। निशांत स्व. प्रकाश उपाध्याय के सुपुत्र एवंं नितीन उपाध्याय के बड़े भाई थे। उनकी शवयात्रा दोपहर 1 बजे गोल चौक रोहणीपुरम स्थित निवास से मारवाड़ी श्मशानघाट के लिए निकलेगी।
निशांत के निधन से छत्तीसगढ़ के कला जगत में गहरा शोक छा गया है। पिछले दो दशक से भी ज़्यादा छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री में छोटे से लेकर बड़े कलाकारों के साथ काम किया है। उन्होंने छत्तीसगढ़ के लगभग सभी निर्देशक एवं निर्माताओं के साथ काम कर छत्तीसगढ़ फिल्म इंडस्ट्री को एक नई पहचान देने की कोशिश की थी।
योगेश अग्रवाल ने दी श्रद्धांजलि
इधर कोरियोग्राफर निशांत उपाध्याय के निधन पर छालीवुड के तमाम हस्तियों ने भी अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। छत्तीसगढ़ फिल्म इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेश अग्रवाल ने भी उनके दुखद निधन पर अपनी श्रद्धांजलि दी है। योगेश ने कहा कि निशांत न सिर्फ के बेहतरीन कोरियोग्राफर थे, बल्कि वे एक शानदार कलाकार भी थे। उन्होंने डांस के आलावा कई महत्वपूर्ण किरदार छत्तीसगढ़ी सिनेमा में निभाए है।
2500 गानों के लिए कोरियोग्राफी
योगेश ने कहा कि मशहूर छत्तीसगढ़ी फिल्म “झन भूलो मां-बाप ला” में बेहतरीन अदाकारी करने वाले निशांत ने करीब 2500 गानों के लिए कोरियोग्राफी की।