Tuesday, July 9, 2024
HomeStateBREAKING NEWS : भाजपा सांसद का निधन, पीएम मोदी सहित अन्य नेताओं...

BREAKING NEWS : भाजपा सांसद का निधन, पीएम मोदी सहित अन्य नेताओं ने जताया शोक, एक दिन का राजकीय शोक भी घोषित

- Advertisement -

चंडीगढ़ : पूर्व केंद्रीय मंत्री और अंबाला से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद रतन लाल कटारिया (71) का बृहस्पतिवार को निधन हो गया। वह कुछ समय से बीमार थे। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और पार्टी की प्रदेश इकाई के प्रमुख ओम प्रकाश धनखड़ समेत कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं तथा अन्य दलों के नेताओं ने कटारिया के निधन पर शोक व्यक्त किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कटारिया के निधन पर दुख व्यक्त किया और कहा कि उन्होंने जनसेवा और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में अहम योगदान दिया।

कटारिया के एक सहयोगी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि कटारिया को निमोनिया की शुरुआती शिकायत के बाद यहां ‘पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च’ (पीजीआईएमईआर) में भर्ती कराया गया था। बाद में उन्हें स्वास्थ्य संबंधी अन्य दिक्कतें हुईं और वह इलाज के लिए अस्पताल में ही रहे। सहयोगी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उन्हें बुखार था और बुधवार को उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। उन्होंने बताया कि तड़के करीब साढ़े तीन बजे कटारिया ने अंतिम सांस ली। कटारिया के परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है।

कटारिया का जन्म 19 दिसंबर 1951 में यमुनानगर जिले के एक गांव में हुआ था। उन्होंने विधि विषय में स्नातक किया था और राजनीति शास्त्र से परास्नातक किया था। उनके पिता मोची थे। कटारिया का अंतिम संस्कार दोपहर में मनीमाजरा में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। केन्द्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और सोम प्रकाश, मुख्यमंत्री खट्टर, हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज, शिक्षा मंत्री कंवर पाल अंतिम संस्कार में शामिल हुए। इनके अलावा भाजपा की राज्य इकाई के प्रमुख ओम प्रकाश धनखड़,वरिष्ठ नेता बिरेन्द्र सिंह, अनेक दलों के सांसद तथा विधायक भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए

कटारिया ने मई 2019 से जुलाई 2021 तक केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय और सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय में राज्य मंत्री के रूप में कार्य किया। वह 1999, 2014 और 2019 में अंबाला से लोकसभा के लिए चुने गए थे। भाजपा के एक प्रमुख दलित चेहरे कटारिया ने 2000 से 2003 तक पार्टी की हरियाणा इकाई के प्रमुख के रूप में कार्य किया। वह हरियाणा सरकार में मंत्री भी रहे। एक बाल कलाकार के रूप में कटारिया को तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू से पुरस्कार मिला था। कटारिया के निधन पर शोक जताते हुए खट्टर ने कहा, ‘‘कटारिया जी के निधन से मैं बहुत दुखी हूं।’’

[shortcode-weather-atlas selected_widget_id=f03e2a1b]

हरियाणा के मुख्यमंत्री विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता के साथ पंचकुला स्थित कटारिया के आवास पहुंचे। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री एवं अंबाला से सांसद रतन लाल कटारिया जी के निधन से मन अत्यंत दुःखी है। समाज के हित और हरियाणा के लोगों की उन्नति के लिए उन्होंने हमेशा संसद में आवाज उठाई। उनका चले जाना राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और परिवार को इस कठिन घड़ी में संबल प्रदान करें। ओम शांति।’’

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लोकसभा सदस्य और पूर्व केंद्रीय मंत्री रतन लाल कटारिया के निधन पर शोक व्यक्त किया। राष्ट्रपति भवन ने राष्ट्रपति मुर्मू के हवाले से ट्वीट किया, ‘‘ पूर्व केंद्रीय मंत्री और लोकसभा सांसद रतन लाल कटारिया के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है।’’ प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘सांसद एवं पूर्व मंत्री रतन लाल कटारिया के निधन से दुखी हूं। उन्हें सार्वजनिक सेवा और सामाजिक न्याय के प्रति उनके समृद्ध योगदान के लिए याद किया जाएगा। उन्होंने हरियाणा में भाजपा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदना। ओम शांति।’’ खट्टर और भाजपा की हरियाणा इकाई के प्रमुख ओम प्रकाश धनखड़ ने कटारिया के हंसमुख स्वभाव को याद किया और कहा कि उनके चेहरे पर हमेशा मुस्कान रहती थी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments